निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें
-डीएम ने सीएम डैशबोर्ड कार्यक्रमों की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड, मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा की। सितंबर में रैंक खराब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को अपने विभाग की संचालित योजनाओं के लक्ष्यों की समय से पूर्ति करने को कहा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एंबुलेंस के संचालन में सितंबर में जनपद पहले स्थान से 57 वें रैंक पर, मनरेगा में 9वीं रैंक से 64 वीं रैंक पर, फैमिली आईडी में 47 वीं रैंक से 75 वीं रैंक, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के भवन निर्माण में 28 वीं रैंक से 33वीं रैंक पर है। संबंधित अधिकारी अक्तूबर माह में अपनी योजनाओं की रैंक सुधार कर जनपद को टॉप-10 में शामिल करें।
उन्होंने कहा कि नमामि गंगे में जनपद बी-श्रेणी में है, जल जीवन मिशन के तहत गृह जल संयोजन की प्रगति खराब होने के कारण जनपद की रैंक ठीक नहीं है। लापरवाह ठेकेदारों से कटौती कर उन्हें ब्लैक लिस्टेड करें। उन्होंने कहा कि एपीओ की लापरवाही के कारण सबसे खराब रैंक मनरेगा में मिली है। उपायुक्त मनरेगा जिस किसी की लापरवाही के कारण रैंक गिरी है उसका उत्तरदायित्व निर्धारित कर प्रभावी कार्रवाई करें।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय, उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला मौजूद रहे।