सपा कार्यालय पर बैठक में मौजूद सपा नेता और कार्यकर्ता।
मैनपुरी। आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पर शुक्रवार को जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक हुई। जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने कहा कि करहल में विधानसभा उपचुनाव होने वाला है। उपचुनाव जीतने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतदाता सूची पर विशेष ध्यान दें। अधिक से अधिक नए मतदाता बनवाने में जुटें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सभी पदाधिकारी देखें। हर बूथ पर बूथ अध्यक्षों की मदद लेकर फर्जी वोट कटवाने के साथ नए वोट बनवाएं। सपा सरकार की नीतियों की जानकारी लोगों को दें। सपा शासन में कराए गए विकास कार्यों के बारे में ग्रामीणों को बताएं। भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के बारे में गांव-गांव जाकर जानकारी दें। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। करहल उपचुनाव में हर हाल में सपा की ही जीत होगी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमको उप चुनाव में भी भाजपा के साथ ही प्रशासन से भी लड़ना होगा। भाजपा जनता से तो चुनाव हार जाती है। लेकिन अधिकारियों पर दबाव बनाकर भाजपा चुनाव जीतती है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं। सपा की नीतियों में आस्था जता रहे हैं। विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया, एमएलसी मुकुल यादव, रामनरायन बाथम, देवेंद्र सिंह यादव, सफी मंसूरी, रजनेश मिश्रा, एएच हाशमी, सुमन दिवाकर, अशोक दिवाकर मौजूद रहे।