फोटो26गंजडुंडवारा कोतवाली में लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक करती पुलिस । संवाद
गंजडुंडवारा। कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के बीच अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कवायद की है। कोतवाली परिसर में सोमवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप वर्मा और कोतवाली प्रभारी राधेश्याम कश्यप की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई।
सीओ संदीप वर्मा ने कहा कि कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर अपराधी व चोर सक्रिय हो जाते हैं, ऐसे में आमजन को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए कि वे अपने गांवों में रात के समय चौकीदारों के साथ गश्त का प्रयास करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सीओ ने ईंट-भट्ठा मालिकों से कहा कि सभी मुख्य मार्गों की ओर और परिसर के चारों तरफ अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। इसके जरिये संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और अपराधियों में भय पैदा होगा।
बैठक में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। इस मौके पर मुख्य रूप से अमित प्रकाश महाजन, भारत गुप्ता, खलील खान, निकेश कुमार, प्रधान राधा कृष्ण, किशन दिवाकर, संजय उपाध्याय, गुफरान और सादाव शेख सहित तमाम लोग मौजूद रहे।