कासगंज के सहावर में पेट्रोलियम पदार्थ बरामदगी के मामले में कार्रवाई करते सीओ एवं थाना पुलिस
- फोटो : KASGANJ
सहावर(कासगंज)। आपूर्ति विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गांव याकूत गंज स्थित परचून की तीन दुकानों से 1220 लीटर डीजल और 30 लीटर पेट्रोल जब्त किया। मामले में तीनों विक्रेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
आपूर्ति विभाग को क्षेत्र में परचून की दुकान पर पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री की सूचना मिली। सूचना पर विभाग ने पुलिस के सहयोग से छापामार कार्रवाई की। इस दौरान रमन पुत्र भगवानदास की दुकान से चार ड्रम बरामद किए। इसमें तीन ड्रम खाली और एक ड्रम में 180 लीटर डीजल और 30 लीटर पेट्रोल बरामद हुुआ। इसी प्रकार सुरेंद्र पुत्र राजवीर की दुकान से पांच ड्रम में 900 लीटर डीजल बरामद किया। देवेंद्र साहू पुत्र प्रेम बाबू की दुकान से एक ड्रम में 140 लीटर डीजल बरामद हुआ। टीम ने विक्रेताओं से बिक्री के लाइसेंस मांगे लेकिन कोई भी विक्रेता लाइसेंस नहीं दिखा सका। टीम ने अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थ के भंडारण एवं बिक्री करने के आरोप में तीनों दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने पेट्रोलियम पदार्थ को सीज कर दिया। टीम में सप्लाई इंस्पेक्टर रामशरण और कोतवाली प्रभारी गणेश चौहान शामिल रहे। घटना की जानकारी पर सीओ सीओ डॉ. अभिषेक राहुल कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा है। इधर, बरामद पेट्रोलियम पदार्थ के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।