कासगंज। जिले में मौसम की मार से मरीज परेशान हैं। आई फ्लू, बुखार, डायरिया एवं सांस के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे जिला अस्पताल पर मरीजों की कतार लगी रही। सांस के मरीजों को इनहेलर न मिलने से परेशानी रही। जिससे दवा काउंटर पर मरीजों की नोकझोंक हो गई। जिला अस्पताल पर सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार लगी रही। ओपीडी बंद होने तक 1494 मरीज अस्पताल पर आए। जिससे पर्चा काउंटर पर मरीजों की कतार लग गई। मरीजों को पर्चा बनवाने में एक घंटे तक का समय लग गया। चिकित्सक कक्ष में सबसे अधिक भीड़ नेत्र रोग विभाग में रही। इस विभाग में सबसे अधिक 225 मरीज आई फ्लू की बीमारी से पीड़ित आए। इसके अलावा बुखार के 150 मरीज आए। इनमें से कई मरीजों में मलेरिया, टाइफाइड के लक्षण मिले। इनके रक्त की जांच कराई गई। डायरिया के 50 मरीज आए। सांस के 60 मरीज पहुंचे। इन मरीजों में कई मरीज ऐसे रहे, जिनको चिकित्सक ने इनहेलर लिखा, लेकिन दवा काउंटर पर इनहलेर नहीं दिया, गया, जिससे मरीजों में नाराजी देखी गई।