आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मौसम बदलने के साथ मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है और ओपीडी में 3765 मरीज पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार जुकाम-खांसी, गले में खराश, बुखार और त्वचा एलर्जी के मरीज अधिक आ रहे हैं, जबकि अस्पताल में पर्चे और दवा के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ रही। ओपीडी में 3765 मरीज पहुंचे। मौसम में बदलाव होने के चलते जुकाम-खांसी, गले में खराश और बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। तेज धूप और गर्मी से त्वचा की एलर्जी के भी मरीज बढ़े हैं।
विज्ञापन
मेडिसिन विभाग के डॉ. प्रकाश पुरसनानी ने बताया कि ओपीडी में 766 मरीज आए। बीते दो दिन से सुबह-शाम का पारा कम हुआ है। इसमें कई बार ठंडी सामग्री खाने-पीने से बुखार-खांसी, गले में खराश, दर्द और बुखार के मरीज फिर से बढ़ गए हैं। सांस और अस्थमा के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। बाल रोग विभाग के डॉ. नीरज यादव ने बताया कि शादी-समारोह में ठंडी सामग्री खाने-पीने से बच्चों को वायरल बुखार हो रहा है। बाहर के भोजन से पेट में दर्द और उल्टी-दस्त की परेशानी भी मिल रही है। त्वचा रोग विभाग के डॉ. यतेंद्र चाहर ने बताया कि दिन में तेज धूप हो रही है। इसमें रहने से चकत्ते, एलर्जी, खुजली, जलन की परेशानी बढ़ गई है। ओपीडी में आए 278 मरीजों में से ऐसे 35 फीसदी मरीजों में ये परेशानी मिली।
ठसाठस भरा हॉल, पर्चे के लिए मारामारी
सुबह 8 बजे से ही हॉल में मरीजों की लाइन लगने लगी। 9 से 12 बजे तक हॉल ठसाठस भरा रहा। पर्चा, दवा के लिए लाइन में लगना पड़ा। धक्कामुक्की और मारामारी से बुजुर्ग और महिला मरीज परेशान हो गए। लाइन में देर तक खड़े रहने से परेशानी भी हुई।
इन बातों का रखें ध्यान:
- सुबह-शाम ठंडा पानी और शीतलपेय पीने से बचें।
- खुले, गंदगी में बिकने वाली सामग्री खाने-पीने से बचें।
- बाहर जाते वक्त धूप से सिर को बचाएं।
- भीड़ और अस्पताल जाते वक्त मास्क लगाएं।
- 3-4 लीटर पानी पीएं, सलाद-हरी सब्जी खाएं।