मैनपुरी। पुलिस लाइन में सोमवार को आयोजित पासिंग आउट परेड की सलामी एसपी ने ली। प्रशिक्षण सत्र समाप्त होने के बाद सभी 198 प्रशिक्षु आरक्षी फतेहपुर रवाना किए गए। इस मौके पर डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने आरक्षियों को शुभकामनाएं दीं।
पुलिस लाइन में प्रशिक्षण का अंतिम वर्ष समाप्त करने के बाद सोमवार को 198 प्रशिक्षु आरक्षी बन गए हैं। सोमवार को एसपी अजय कुमार पांडेय ने परेड के दौरान सलामी ली। सभी को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। एसपी ने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा में आना स्वयं में गर्व की बात है। देश की सरहदों की रखवाली के लिए जहां सेना तैनात है, वहीं आंतरिक सुरक्षा की कमान पुलिस के हाथ है।
हमेशा याद रखें कि आपके हाथ जिम्मेदार रहें। पद के साथ ही आपको जिम्मेदारियां भी निभानी हैं। ऐसा कार्य करें, जिससे आपका और वर्दी का सम्मान बढ़े। अधिकारी के आदेशों को मानना, परिवार व ड्यूटी के बीच सामंजस्य बनाना, विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने के गुण एक पुलिसकर्मी के चरित्र के साथ ही काम में निखार लाते हैं। पासिंग आउट परेड के मौके पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम बीराम, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, एसडीएम रजनीकांत आदि अधिकारी मौजूद रहे।
नहीं आए आईजी
सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित पासिंग आउट परेड की सलामी आईजी ए सतीश गणेश को लेनी थी, लेकिन किसी कार्य की व्यस्तता के चलते वह परेड में शामिल नहीं हो सके। इस वजह से एसपी को ही सलामी लेनी पड़ी।
वीवेश बने सर्वांग सर्वोत्तम
पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे फतेहपुर से आए 198 प्रशिक्षु आरक्षी सोमवार को पासिंग आउट परेड के बाद परिजनों के साथ बेहद खुश नजर आए। वहीं प्रशिक्षण के दौरान सभी वर्ग में बेहतर करने वाले फतेहपुर के वीवेश कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम का पुरस्कार एसपी की ओर से दिया गया। अन्य सभी आरक्षियों को भी पुरस्कृत किया गया।