आगरा। त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अनारक्षित विशेष ट्रेन के नवंबर में दो अतिरिक्त फेरे होंगे। ट्रेन से क्षेत्र के लोगों को मुंबई, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, टूंडला, कानपुर और गोरखपुर तक यात्रा में आसानी होगी।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ट्रेन संख्या 09083 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक और आठ नवंबर को चलेगी। यह अगले दिन सुबह 4:15 बजे ईदगाह पहुंचेगी और 4:17 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09084 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस दो और नौ नवंबर को चलेगी। यह ईदगाह स्टेशन पर दोपहर 12:15 बजे पहुंचेगी और 12:17 बजे रवाना होगी। ट्रेन में 22 कोच होंगे। इनमें आठ सामान्य, 11 स्लीपर, एक पेंट्रीकार और दो अन्य कोच शामिल हैं। स्लीपर कोच भी अनारक्षित रहेंगे।