गंजडुंडवारा। अलीगंज - बदायूं मार्ग पर रोडवेज की बसों के संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए डग्गामार वाहनों पर निर्भर रहना होता है। व्यापारियों एवं अन्य लोगों ने बदायूं डिपो के एआरएम को पत्र भेजकर बसों के संचालन की मांग की।
अलीगंज एवं बदायूं जाने के लिए यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना होता है। डग्गामार वाहन संचालक मनमाना किराया वसूलते हैं। कादरगंज पुल निर्माण के बाद 2 बसे बदायूं से पटियाली, दरियावगंज होकर अलीगंज तक रोडवेज की संचालित की गई। उसके बदायूं डिपो ने किन्ही कारणों से बंद कर दिया। अब 12 वर्षों से इस मार्ग पर कोई भी रोडवेज की सेवा नहीं है। कादरगंज से म्याऊं, पटियाली, दरियावगंज, अलीगंज के लिए बसें नहीं हैं। इससे बरेली बदायूं से कारोबार करने वाले कारोबारियों को परेशानी होती है। देवेंद्र गुप्ता, सतेंद्र, राकेेश, रामविलास, राघवेंद्र, रामचंद्र, नरेश कुमार आदि ने पत्र भेजकर फिर से बस सेवा अलीगंज - बदायूं चलाए जाने की मांग की है।