कासगंज। रोडवेज की लापरवाही मंगलवार को यात्रियों के लिए भारी पड़ गई। दिल्ली जा रही बस 10 किलोमीटर चलने के बाद उसका पहिया पंक्चर हो गया। इसके चलते बस आगे नहीं बड़ सकी। इधर देरी होते देख यात्रियों ने हंगामा किया। इसके बाद रोडवेज ने दूसरी बस से इन यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना गया। मंगलवार की सुबह चार बजे यात्री दिल्ली जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंचे। सुबह अलीगढ़, गाजियाबाद, लालकुंआ व दिल्ली जाने वाले यात्री वहां खड़ी एक रोडवेज बस में सवार हुए। यात्रियों का कहना है कि बस के रवाना होते ही उसके पहिये से आवाज आ रही थी। शहर के नदरई गांव के कुछ आगे नहर के समीप पहुंचने पर बस का टायर पंक्चर हो गया। इससे बस अनियंत्रित होकर गई। चालक ने जैसे-तैसे बस को नियंत्रित कर उसे रोका। बस का पहिया पंक्चर होने के कारण यात्रियों को ड्यूटी आदि जाने में देरी होने लगी। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। स्टेपनी के बाद भी यात्रियों ने आगे फिर से बस के खराब होने की आशंका के चलते इस बस से जाने से इंकार कर दिया। यात्रियों को बस से रोडवेज बस स्टैंड पर लाया गया। वहां से उन्हें दूसरी बस में बैठाकर रवाना किया गया।