कैंट रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलाकिंग का काम पूरा होने के बाद भी डीएमयू का संचालन शुरू नहीं किया गया है। इसे लेकर रविवार को अछनेरा जंक्शन पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इन मांगों को लेकर दैनिक यात्री वेलफेयर ऐसोसिएशन की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।
ऐसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि नॉन इंटरलॉकिंग का काम पूरा होने के बाद भी रेलवे ने डीएमयू का संचालन नहीं किया। इससे आगरा, मथुरा, भरतपुर जाने वाले हजारों लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही अछनेरा जंक्शन होने के बाद भी यहां पर आगरा फोर्ट-अहमदाबाद ट्रेन का स्टॉपेज नहीं है। ऐसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा एड ने भाजपा नेता चौधरी रामेश्वर सिंह और अशोक अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। इस पर भाजपा नेताओं ने आश्वासन दिया कि 23 दिसंबर के बाद सांसद चौ. बाबूलाल के साथ डीआरएम से मिलकर यात्रियों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
दैनिक यात्री सतीश चंद गुप्ता और श्याम चौधरी ने बताया कि आगरा फोर्ट-भरतपुर के बीच डीएमयू का संचालन पिछले एक माह से भी अधिक समय से बंद कर दिया गया है। जबकि आगरा कैंट पर इंटरलॉकिंग का काम पूरा हो चुका है। असलम कुरैशी व खलीलुर्रहमान ने बताया कि अब आगरा फोर्ट-बादीकुंई पैसेंजर का बड़ा रैक हटाकर डीएमयू चलाई जा रही है। इससे यात्रियों को बैठने में परेशानी हो रही है। ट्रेन में शौचालय तक की सुविधा न होने से महिला और बच्चों परेशानी होती है।
कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार
कोहरे के चलते ट्रेन लेट हो रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश ट्रेनें कई घंटों देरी से चल रही हैं। सुबह से रात तक आगरा कैंट, राजा की मंडी और आगरा फोर्ट पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। हर बार ट्रेन के आने के समय बढ़ जाने से परेशान यात्री सर्दी में ठिठुरते रहे। दिल्ली-झांसी ओर चलने वाली गाड़ियां कोहरे के कारण बीच ट्रैक पर खड़ा कर दिया गया।
जोधपुर-हावडा 8 घंटे, मरूधर एक्सप्रेस 9 घंटा, बॉदीकुई पैसेंजर 3 घंटा, बरेली पैसेंजर 4 घंटा, बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस एक घटा, उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी 5 घंटा, सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस 8.30 घंटा, महाकौशल एक्सप्रेस 6.50 घंटा, मंगला एक्सप्रेस 3.50 घंटा, केरला एक्सप्रेस 3.55 घंटा, उत्कल एक्सप्रेस 4 घंटा, स्वर्ण जयंती 4 घंटा, तूफान एक्सप्रेस 3 घंटा, मरूधर एक्सप्रेस 6 घंटा सहित अधिकांश ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। शताब्दी तीन घंटा, सचखंड एक्सप्रेस 3.50 घंटा, गोवा एक्सप्रेस 3.50 घंटा, गोंडवाना एक्सप्रेस 3.50 घंटा की देरी से चली।