आगरा। छत्ता थाना क्षेत्र में व्यावसायिक साझेदारी और 7 लाख रुपये के लेनदेन के मामले में युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। रकम वापस मांगने के विवाद से बचने के लिए साझीदार ने मंदिर में शादी रचाई और बाद में अपने परिवार के साथ मिलकर उसकी पिटाई व अन्य ने छेड़छाड़ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना छत्ता इलाके की पीड़िता ने बताया कि वह साझेदारी में पेठा और दालमोंठ की दुकान चलाती है। आरोपी साझीदार ने उससे व्यवसाय के नाम पर 3.30 लाख रुपये लिए, जिसकी लिखापढ़ी मौजूद है। इसके बाद, आरोपी के भाई-बहनों ने भी धीरे-धीरे कर उससे 3.70 लाख रुपये ले लिए। रुपये देने का दबाव बनाने पर 7 सितंबर को साझीदार ने मंदिर में उससे शादी रचा ली।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने भाई-बहनों से अपने पैसे वापस मांगे तो एक दिन ट्रांसपोर्ट के पास साझीदार के रिश्तेदारों और भाई-बहनों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट व छेड़छाड़ की। जब उसने साझीदार पति से शिकायत की तो उसने पुलिस में न जाने की धमकी दी और अपना फोन बंद कर भाग गया। मामले में डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।