आगरा। नीट यूजी के दौरान रविवार को एमजी रोड पर घंटों जाम लगा रहा। आगरा कॉलेज के बाहर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए थे। वाहन चालकाें को निकलने में काफी परेशानी हुई। गर्मी में राहगीर बेहाल हो गए।
रविवार को दोपहर 2 बजे से 5 बजे के बीच परीक्षा थी। करीब नौ हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देने विभिन्न केंद्रोंं पर पहुंचे थे। आगरा कॉलेज के बाहर परीक्षार्थियों ने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए थे। कई अभिभावक कार और कुछ कॉलेज अपने यहां की बस से परीक्षार्थियों को लेकर आए थे। सभी ने अपने वाहन एसएन से पंचकुइयां जाने वाली लेन पर खड़े किए थे। इससे रास्ता संकुचित हो गया। कॉलेज की वुमेंस विंग के बाहर तक परीक्षा से दो घंटे पहले ही वाहन खड़े हो गए थे।
ऐसे में पुलिस के लिए भी वाहनों को हटवाना मुश्किल हो गया था। रास्ता संकुचित होने के कारण एसएन इमरजेंसी तिराहे से नालबंद चौराहे तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। सिटी बसों के निकलने के दौरान हालात और खराब हो रहे थे। जाम का असर सेंट जोंस चौराहे से नालबंद तक देखने को मिला। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं और ट्रैफिक रेंग-रेंग कर निकलता रहा। गर्मी में वाहन फंसने से दोपहिया वाहन चालक बेहाल हो गए। शाम को परीक्षा छूटने के बाद हालात और खराब हो गए।
हाईवे पर बिना सूचना बंद कर रहे लेन
हाईवे पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। यू-गर्डर लगाने का काम चल रहा है। रोजाना हाईवे की लेन को बंद कर गर्डर लगाने का काम करने से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि पहले से कोई सूचना नहीं दी जाती है। डायवर्जन भी नहीं किया जाता है। आईएसबीटी से सिकंदरा की तरफ की लेन को गुरुद्वारा गुरु का ताल की तरफ बंद कर दिया जाता है। सिकंदरा की तरफ वाहनों को दूसरी लेन से निकाला जाता है। वहीं सिकंदरा की तरफ से खंदारी की तरफ वाहन सर्विस रोड से निकलते हैं। 100 मीटर तक की व्यवस्था से रोजाना वाहन फंस रहे हैं। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि ट्रैफिक रोके जाने की सूचना देने के लिए मेट्रो अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा जिससे पुलिस भी तैनात की जा सके।