अधिकारियों से मिलने आए एक युवक को नगर निगम परिसर के भीतर पार्किंग का ठेका चलाने वाले युवकों ने पीट दिया। युवक ने हरीपर्वत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, शिकायत के बाद जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर सहायक नगर आयुक्त ने ठेकेदार पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
युवक किसी काम से आया था। इसी दौरान उसका बाइक खड़ी करने के बारे में पार्किंग चला रहे युवकों से विवाद हो गया। दो युवकों ने बाइक सवार युवक को पीट दिया। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि पार्किंग की व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग में कार्यरत कोई भी कर्मचारी यूनिफॉर्म में मौजूद नहीं मिला। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के पास पहचानपत्र (आईकार्ड) भी उपलब्ध नहीं थे। सेवा शर्तों के उल्लंघन की वजह से पार्किंग ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उधर, हरीपर्वत थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अनिकेत और निखिल पर शांतिभंग में कार्रवाई की जा रही है।