मथुरा के नयति अस्पताल से यह सूचना दो अप्रैल को दी गई कि पारस अस्पताल से भेजी गई महिला मरीज में कोरोना का संक्रमण मिला है। पारस में भर्ती मरीजों और स्टाफ की सही संख्या प्रशासन को मिली 15 अप्रैल को।
विज्ञापन
वह भी तब जब यहां से सभी लोगों को क्वारंटीन सेंटर भेजा गया। गिनती की गई तो ये 220 थे। इस बीच स्टाफ के सदस्य घर आते-जाते रहे। मरीजों के तीमारदार मिलते रहे। नतीजा यह हुआ कि संक्रमण आगरा से फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा और कन्नौज तक जा पहुंचा। तीस मरीज मिल चुके हैं। टूंडला में अस्पताल स्टाफ के छह सदस्य संक्रमित मिले।
यहां से हाथरस, अलीगढ़, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद के लोग भी उपचार कराकर गए। इनमें वे लोग भी हैं जो संक्रमण फैलने के दौरान रहे। इनकी अब तलाश की जा रही है। 10 जिलों के 30 संक्रमित ट्रेस हो चुके हैं। अन्य मरीजों की तलाश जारी है।
विज्ञापन
पारस अस्पताल
- फोटो : अमर उजाला
सील लगाई, तब भी सच नहीं बोला
प्रशासन ने छह अप्रैल की रात को अस्पताल पर सील लगा दी थी। तब भी यह जानकारी नहीं दी गई कि अंदर कितने लोग हैं। यहां स्टाफ के सदस्यों की संख्या 50 है। 170 मरीज भर्ती थे। इस तरह कुल संख्या 220 हो गई। इस अस्पताल को हॉटस्पाट घोषित किया गया है।
मरीजों से सामने आने की अपील
प्रशासन ने पारस अस्पताल में उपचार कराने वाले मरीजों से अपील की कि वे खुद सामने आकर जांच कराएं। इसकी वजह यह थी कि बड़ी संख्या में मरीजों की जानकारी ही नहीं मिल पा रही थी। प्रशासन ने 229 मरीजों की सूची तैयार की। ये आस पास के जिलों के हैं। संबंधित डीएम को इसकी सूची भेजी गई।
दो मरीजों की जा चुकी जान
पारस अस्पताल में भर्ती रहे दो मरीजों की जान जा चुकी है। दोनों में संक्रमण पाया गया था। दोनों महिलाएं थीं। इनके परिवारीजनों के भी सैंपल लिए गए। ये लोग क्वारंटीन में हैं।
नर्स से आठ लोगों में पहुंचा संक्रमण
इसी अस्पताल की नर्स नगला पदी की रहने वाली है। उसके पति, सास, बेटे , बहन, दो देवर और भतीजे सहित आठ लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया। बहन की शादी देवर से हुई है।
शहर से मरीजों के साथ देहात पहुंचा कोरोना
पारस अस्पताल से गए मरीज संक्रमण साथ लेकर गए। इनसे शहर ही नहीं, देहात तक संक्रमण फैल गया। शहर से 80 किमी. दूर बाह में महिला मरीज संक्रमित मिली। वह भी पारस से उपचार कराकर गई थी।
अस्पताल के नक्शे की भी जांच कराए प्रशासन
पंजाबी सभा महानगर आगरा के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर ने मांग की है कि पारस अस्पताल के नक्शे की जांच कराई जाए। अस्पताल के बाहर चल रहे मेडिकल स्टोर के बारे में पता लगाया जाए कि वह सिंचाई विभाग की जमीन पर तो नहीं चल रहा है। कपूर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत की थी। अब फिर से शिकायती पत्र भेजा है।
मंटोला की महिला से फैला संक्रमण
मंटोला की 65 वर्षीय महिला पारस अस्पताल में उपचार कराने के लिए आई। लगभग दस दिन भर्ती रही। उसे गुर्दे की बीमारी थी। हालत बिगड़ने पर उसे नयति अस्पताल, मथुरा भेजा गया। वहां कोरोना जांच कराई गई तो पता चला कि वह संक्रमित है। तब तक पारस में संक्रमण फैल चुका था। उसी समय सभी मरीजों को क्वारंटीन कर सैंपल लिए गए होते तो संक्रमण इतनी दूर तक न फैलता।