कासगंज के ग्राम मनौता में एक बुजुर्ग महिला को बूथ पर ले जाता युवक
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। ग्राम मनौटा में प्रधान पद के लिए हुआ उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हो गया। चुनाव में 82.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मंगलवार को मतगणना के साथ चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा।
ग्राम पंचायत मनोटा में प्रधान पद के उपचुनाव में अजय कुमार, उनकी पत्नी ब्रजेश कुमारी, महेश चंद्र और उनकी पत्नी कुसुमा देवी चुनाव मैदान में उतरे। ग्राम पंचायत के दोनों बूथों पर 1292 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लग गई। यहां तक कि बुजुर्ग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अपने बूूथ पर पहुंचे। सांय पांच बजे मतदान समाप्त होने तक 82.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर अधिकारी भी पूरी सतर्कता बनाए रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान के बारे में जानकारी ली। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सीलबंद करने के बाद कड़ी सुरक्षा में विकास खंड परिसर भेजा कर सुरक्षित रखवा दिया गया। मतगणना को लेकर इंतजाम किए गए है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि मंगलवार को विकास खंड कार्यालय पर मतगणना होगी।