कासगंज। पैनकार्ड बाहरी जनपदों से मिलान होने पर संदेह के घेरे में आए तीनों शिक्षकों के अब शैक्षणिक दस्तावेज व नियुक्ति पत्र की जांच की जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इन शिक्षकों को दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए हैं ।
जिला में शिक्षा विभाग की नियुक्तियों में काफी घालमेल हुआ है। लगातार ही शिक्षकों के फर्जीवाड़े खुल रहे हैं। जिले के 3 शिक्षकों के पैन कार्ड आगरा ,प्रयागराज एवं सीतापुर में तैनात शिक्षकों से मेल खाने के बाद अब इन शिक्षकों की नियुक्ति की पूरी जांच होगी। विभाग इनकी नियुक्तियों की तह तक जाने में जुट गया है।
कहीं यह शिक्षक भी कस्तूरबा की तरह एक से अधिक स्थानों पर नौकरी तो नहीं कर रहे। विभाग ने इन सभी शिक्षकों को अपने सभी शैक्षणिक एवं नियुक्ति प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश दिए हैं। ताकि इनका मिलान कराया जा सके।
पैन कार्ड के नंबर मिल जाने के बाद शैक्षिक एवं नियुक्ति प्रमाण पत्रों की भी जांच होगी। शिक्षकों को प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश दे दिए गए हैं। - अंजलि अग्रवाल बेसिक शिक्षा अधिकारी