मैनपुरी। नवीन मंडी के पास मंगलवार की देर रात ट्रक की चपेट में आकर एक पल्लेदार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पल्लेदार मंडी में खाना लेने के लिए जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला रते निवासी साजन (18) नवीन मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। मंगलवार की रात को वह काम करने के बाद घर चला गया था। देर रात करीब 11 बजे वह मंडी में स्थित ढाबे से खाना लेने के लिए जा रहा था। तभी मंडी गेट नंबर 2 के पास उसे ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में साजन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लेकिन तब तक चालक ट्रक लेकर वहां से भाग चुका था। सूचना मिलने के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मोर्चरी पहुंचे। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा है।