आगरा। कांवड़ यात्रा और शिव मंदिर परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के लिए तीन स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस के साथ पीएसी भी रहेगी। भारी वाहनों का रूट बदला जाएगा। साथ ही भंडारा शिविरों में हादसे रोकने के लिए बिजली और खाद्य विभाग टीमें जांच करेंगी। इसके लिए उन्हें विशेष निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को शहर में चारों शिव मंदिरों कैलाश, बल्केश्वर, पृथ्वीनाथ, राजेश्वर महादेव की परिक्रमा लगाई जाती है, जल चढ़ाए जाते हैं। इसके अलावा भी श्रद्धालु अन्य मंदिरों में पहुंचते हैं। कैलाश और बल्केश्वर महादेव मंदिर के लिए नेशनल हाईवे पर जाना होता है। इसे देखते हुए हाईवे पर भारी वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा।
इसके अलावा सोरों से कांवड़ लेकर आने वालों की भी अच्छी संख्या रहती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजस्थान की ओर जाते हैं। बटेश्वर से भी यमुना का जल लेकर आते हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग समेत कई मार्गों पर पुलिस के साथ तीन कंपनी पीएसी रहेगी। कांवड़ियों के लिए जहां-जहां भोजन की व्यवस्था होगी, वहां पर खाद्य विभाग जांच करेगा। सैंपलिंग कराई जाएगी। पंडाल में लगे बिजली के उपकरणों की भी जांच की जाएगी। खुले तारों की वजह से कई बार हादसे होते हैं, उन्हें ठीक किया जाएगा।