कासगंज। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। जिले में अब तक तैयार किए गए दो ऑक्सीजन प्लांट से सभी वार्डों तक आपूर्ति देने की तैयारी कर ली गई है। अभी आपूर्ति सुचारु नहीं की गई है। ऑक्सीजन की आपूर्ति देने से पहले प्रयोगशाला में प्लांट से निकलने वाली ऑक्सीजन की जांच होगी। इसके लिए नमूने प्रयोगशाला में लखनऊ जाएंगे।
कासगंज जिले में दो ऑक्सीजन प्लांट तैयार किए गए हैं। एक गंजडुंडवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया गया है, जबकि दूसरा ऑक्सीजन प्लांट जिला अस्पताल मामों में तैयार किया गया है। प्लांट तैयार होने के बाद इनकी स्थापना भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक इन प्लांटों से आपूर्ति देना सुनिश्चित नहीं किया गया है। पहले इन प्लांटों से निकलने वाली ऑक्सीजन को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आते ही ऑक्सीजन प्लांट से आपूर्ति अस्पताल के वार्डों तक सुनिश्चित कर दी जाएगी।
अब तक जिले में कुल दो ऑक्सीजन प्लांट मंजूर हुए थे, लेकिन अब एक और ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर फंड से जिले में स्वीकृत हो चुका है। इसका काम भी जिला अस्पताल मामों पर शुरू हुआ है। जल्द ही इस ऑक्सीजन प्लांट के लिए मशीन जिले में पहुंचेंगी। इसके लिए गेल इंडिया के इंजीनियर से स्वास्थ्य विभाग के अफसर निरंतर संपर्क में हैं।