सोरोंजी। तीर्थनगरी के लहरा गंगाघाट पर जाने के लिए 3 से 4 किलोमीटर का रास्ता गंगा की सूखी तलहटी से तय करना होता है। गंगा की धारा दूर है। ऐसी स्थिति में तलहटी के रेतीले मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहन फंसते नजर आए। जिन्हें श्रद्धालु धक्का दे देकर बाहर निकाल रहे थे।
इस तलहटी में एक ओवरलोड टेपों बार-बार फंसते नजर आए। श्रद्धालु इस वाहन को बार-बार धक्का देकर निकाल रहे थे। वहीं एक लोडर वाहन में सवार श्रद्धालुओं का वाहन भी रेतीले वाहन पर फंस गया। इसे भी श्रद्धालुओं ने धक्का देकर निकाला। यह नजारे तलहटी में आम बने हुए थे। लहरा से गंगाघाट तक जाने वाले बाइक सवार श्रद्धालुओं की बाइकें भी रेत में फिसलती नजर आ रहीं थीं। लहरा से घाट तक आने जाने वाले मार्ग को लेकर प्रशासन के स्तर से रेतीले मार्ग को व्यवस्थित करने की कोई व्यवस्था नहीं की जाती। जिसके कारण श्रद्धालुओं को दिक्कतें होती हैं।
गंगा की धारा में फंसा ट्रैक्टर, दो ट्रैक्टरों ने खिंचकर निकाला
कासगंज। लहरा गंगा की धारा में एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने अपने ट्रैक्टर को साफ करने के लिए धारा में उतार दिया, लेकिन धारा की रेत में यह ट्रैक्टर फंसता चला गया। ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर निकालने की कोशिश की तो पहिए और गहराई में चले गए। उसके बाद एक और ट्रैक्टर लगाकर प्रेशर से धक्का देकर निकालने की कोशिश हुई लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एक और ट्रैक्टर बुलाया गया फिर दो ट्रैक्टरों का प्रेशर देकर बमुश्किल ट्रैक्टर को धारा से निकाला गया।