आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ताजमहल का दीदार करने के लिए देसी और विदेशी पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने महिला दिवस पर पर्यटकों के लिए प्रवेश मुफ्त किया था। इस पर स्मारक में आने वालों की संख्या बढ़ गई। सुबह से लेकर शाम तक लगभग 40 हजार से अधिक सैलानियों ने ताज की खूबसूरती को निहारा।
रविवार और महिला दिवस का संयोग होने के कारण ताजमहल के पूर्वी-पश्चिमी गेट पर सुबह से ही लंबी लाइनें लगी रहीं। पर्यटकों के लिए टिकट की अनिवार्यता न होने के कारण बड़ी संख्या में स्थानीय और आसपास के जिलों से भी पर्यटक परिवार के साथ पहुंचे। ताज के साथ महिलाओं ने खूब सेल्फी ली और इस खास दिन को यादगार बनाया। भीड़ को देखते हुए एएसआई और सीआईएसएफ के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षाकर्मियों ने महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की थी, ताकि भीड़ के बीच किसी को असुविधा न हो।
सोशल मीडिया पर छाई सेल्फी
सफेद संगमरमरी स्मारक के सामने रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने डायना बेंच और वीडियो क्लिप्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। केवल विदेशी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं में भी ताज को देखने का भारी उत्साह नजर आया। ताज के साथ-साथ आगरा किला और अन्य स्मारकों पर भी महिला दिवस की रौनक दिखाई दी। संवाद