आगरा में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान और भीषण गर्मी के बावजूद शनिवार को ताजमहल पर 30 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे। वीकेंड के चलते दिनभर टिकट काउंटरों और प्रवेश द्वारों पर लंबी कतारें लगी रहीं।
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप भी पर्यटकों के कदम नहीं रोक पा रही है। शनिवार को वीकेंड पर सैलानियों का सैलाब ताजमहल पर उमड़ पड़ा। पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बावजूद दिनभर में 30 हजार से अधिक देशी-विदेशी पर्यटकों ने संगमरमरी हुस्न का दीदार किया।
विज्ञापन
शनिवार सुबह से ही स्मारक के टिकट काउंटरों और प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की कतारें लगने लगी। विशेषकर पश्चिमी गेट पर सुबह से लेकर शाम तक पर्यटकों की भीड़ जुटी रही। आसमान से बरसती आग और उमस के बीच पर्यटक छाते, टोपी और पानी की बोतलें थामे अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दोपहर के समय गर्मी के तीखे तेवरों के बावजूद ताज का दीदार करने का रोमांच सैलानियों में साफ दिखाई दे रहा था।