दीवानी में उमड़ी वाहन स्वामियों की भीड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के दीवानी न्यायालय परिसर में शनिवार को विशेष लोक अदालत लगाई गई। जिसमें वर्षों से लंबित 2100 से अधिक यातायात चालानों का जुर्माना लगाकर निस्तारण किया गया। वाहन स्वामियों की भीड़ उमड़ी जबकि कई वादकारी चालानों की चार्जशीट निकलवाने के लिए भटकते रहे। विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट वीरेंद्र सिंह नायक के न्यायालय में सबसे अधिक मामले निपटाए गए। अन्य संबंधित अदालतों में भी मोटर वाहन अधिनियम के चालान निस्तारित हुए। वादकारियों को अदालत के चक्कर से बचाने के लिए चिह्नित चालानों के पेमेंट सेतु एप बारकोड व क्यूआर कोड पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भेजे गए हैं। इससे वो घर बैठे ऑनलाइन जुर्माना भर सकेंगे। इस दौरान प्रभारी जनपद न्यायाधीश शिव कुमार, नोडल अधिकारी अमरजीत, एडीजे दिनेश कुमार चौरसिया, सीजेएम शारिब अली व सचिव पंकज कुमार प्रथम समेत न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।