कासगंज। भाजपा विधायक की फेसबुक आईडी से संगठन के खिलाफ एक पोस्ट डाली गई है जो सोशलमीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रही है। इधर, भाजपा विधायक ने अपनी फेसबुक आईडी को हैकर्स द्वारा हैक करने की पोस्ट सोशल मीडिया पर भेजी है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ सहावर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। विधायक की आईडी से वायरल हुई टिप्पणी हमारे पुरखों ने आजादी के बाद भाजपा को यूं ही नहीं रखा सत्ता से दूर को लेकर दिनभर सोशल मीडिया पर चर्चाएं रहीं।
अमांपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की फेसबुक आईडी से सुबह एक पोस्ट वायरल हुई। जिसमें ऐसी टिप्पणी की जा रही है जो संगठन और सरकार के खिलाफ दिखाई दे रही है। फेसबुक पर की गई इस टिप्पणी में विधायक की आईडी से लिखा गया है कि वो चाहता है तुम बस वही बात करो। वो दिन को कह दे रात तो रात कहो। लिंकन ने कहा था कि आदमी का चरित्र समझना हो तो उसे सत्ता दे दो। क्योंकि उसके बाद ही इंसान असली रंग दिखाता है।
जैसे भाजपाई दिखाने लगे हैं। हमारे पुरखों ने आजादी के बाद भाजपा को सत्ता से यूं ही दूर नहीं रखा। इस तरह की टिप्पणी पहले तो फेसबुक पर वायरल हुई उसके बाद तमाम तरह तरह की टिप्पणियां आईं। उसके बाद इस पोस्ट का स्क्रीन शॉट व्हाट्सएप, ट्वीटर पर भी तेजी से वायरल हुआ। बाद में भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप की इस आईडी से एक पोस्ट डाली गई। जिसमें लिखा था कि विधायक अमांपुर की फेसबुक आईडी हैक कर ली गई है और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ टिप्पणी डाल दी गई है। इधर, विधायक ने आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।