मैनपुरी। बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए ओटीएस (एक मुश्त समाधान योजना) का उपभोक्ताओं को लाभ नहीं मिलेगा। प्रदेश सरकार ने इस बार ओटीएस योजना लागू नहीं करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने इस संबंध में ट्वीट करके अधिकारियों को जानकारी दी है।
बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए पूर्व में ओटीएस योजना का लाभ दिया जाता था। योजना के तहत उपभोक्ताओं के बिजली बिल का सरचार्ज माफ करके बिजली बिल जमा करने के लिए किश्तें तय करके उनको किश्तों के अनुसार बकाया बिजली बिल जमा करने का मौका दिया जाता था।
प्रदेश सरकार ने अब बिजली बिल बकाया रखने वालों को अब सरचार्ज माफ करने का अवसर नहीं देने का निर्णय लिया है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सरकार की पॉलिसी के संबंध में ट्वीट करके विभागीय अधिकारियों को यह जानकारी दी है। अधीक्षण अभियंता विद्युत अतुल अग्रवाल ने बताया सरकार की मंशा जानबूझकर बिजली बिल जमा नहीं करने की प्रवृति पर अंकुश लगाने की है।