टूंडला। सर जी, मैं एक लड़के से प्यार करती हूं। वह भी मुझे प्यार करता है, लेकिन अब वह शादी से इनकार कर रहा है। वह मुझसे शादी करने का झांसा देकर मेरा शोषण करता रहा है। अब वह इनकार कर रहा है। मेरी उससे शादी करा दो, कुछ इस तरह एक युवती ने थाने पहुंचकर गुहार लगाई तो सभी चौंक गए। पुलिस ने युवती को समझा-बुझाकर तहरीर लाने कहा है।
थाना क्षेत्र के कच्चा टूंडला निवासी एक युवती मंगलवार रात थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से गुहार लगाते हुए बताया कि वह एटा रोड पर रहने वाले एक युवक से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है। युवक उससे शादी करने का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा है। अब वह शादी करने से इनकार कर रहा है। वह युवक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं सिर्फ उससे शादी करना चाहती है।
पुलिस ने युवती को समझाया और परिजनों से बात करने को कहा। साथ ही कहा कि अगर वह युवक के विरुद्ध कार्रवाई करना चाहती है तो तहरीर लिख कर दे। काफी देर थाने में इधर-उधर घूमने के बाद वह लौट गई। प्रभारी इंस्पेक्टर सूर्यभान सिंह का कहना है कि एक युवती कोतवाली में आई थी, वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है। मगर शादी युवक की रजामंदी के बाद ही हो सकती है। पुलिस शादी के लिए किसी पर दबाव नहीं डाल सकती। अगर उसके साथ कुछ गलत हुआ है तो वह तहरीर देगी तो कार्रवाई की जाएगी।