भवन प्रभारी का वेतन रोकने का आदेश
मैनपुरी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोगांव में कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं होने पर डीएम ने भवन प्रभारी अरुण कुमार का तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने, प्रधानाचार्य रविभूषण को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं। डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से बने भवनों में कक्षाएं प्रारंभ न होना निराशाजनक है। लगभग एक वर्ष से पूर्व भवन हैंडओवर होने के बाद भी नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन नहीं हो पा रहा है। 30 सितंबर तक प्रत्येक दशा में कक्षाएं संचालित कराई जाएं। अन्यथा की दशा में जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। पॉलिटेक्निक किशनी के नियमित संचालन न होने पर प्रधानाध्यापक एनराम एवं भवन प्रभारी जसवंत सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। सितंबर माह के अंत तक नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन शुरू कराने को कहा है। दो अक्तूबर को विद्यालय प्रांगण में जन-प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम कराने को कहा है।