आगरा। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम के अध्यक्ष सर्वेश कुमार ने जिलाधिकारी को डिजिटल वर्ल्ड के प्रबंधक के विरुद्ध 1.17 लाख रुपये की वसूली कर 22 अगस्त, 2026 तक अदालत में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में पारित फैसले का पालन न करने पर यह आरसी जारी की गई है।
थाना सदर क्षेत्र के गोपाल विहार कॉलोनी निवासी शालिनी अस्थाना ने ताजगंज रोड स्थित विपक्षी प्रबंधक डिजिटल वर्ल्ड ए-4 शॉपिंग ऑर्केड के खिलाफ आयोग में वाद दायर किया था। आरोप लगाया था कि उन्होंने विपक्षी से इलेक्ट्रोनिक सामान खरीदा था, जो वारंटी में खराब हो गया। उपभोक्ता आयोग प्रथम ने 16 अप्रैल, 2024 को उनके पक्ष आदेश पारित कर विपक्षी से धनराशि दिलाने के आदेश दिए थे। साथ ही डिजिटल वर्ल्ड को आदेश का पालन करने का निर्देश दिया था। विपक्षी ने इस आदेश का अनुपालन नहीं किया। इसके बाद आयोग के अध्यक्ष सर्वेश कुमार ने वसूली के लिए आरसी जारी की है। संवाद