ऑनलाइन शॉपिंग में आगरा के एसएसपी अमित पाठक को भी झटका लग गया। उन्होंने सन ग्लासेज (चश्मा) मंगाए थे। डब्बा खोला तो यह नकली निकले। उन्होंने कंपनी के फेसबुक एकाउंट पर शिकायत की है। इसके बाद उनका चश्मा बदला गया।
एसएसपी ने दो हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग की थी। रकम छोटी है लेकिन यह घटना बताती है कि इस फ्रॉड से सुरक्षित कोई नहीं है। उन्होंने स्नैपडील पर ऑर्डर किया था। आम लोगों के साथ इस तरह की धोखेबाजी आए दिन हो रही है।
कहीं ब्रांडेड मोबाइल फोन की जगह चाइनीज फोन भेज दिया जाता है तो कहीं डिब्बे में पत्थर निकलते हैं। कई लोग शिकायत करते हैं लेकिन उस पर एक्शन नहीं होता। ऐसे भी लोग हैं जो शिकायत ही नहीं करते हैं।
पिछले साल हरीपर्वत पुलिस ने कोरियर कंपनी के दो कर्मचारी गिरफ्तार भी किए थे। वे ऑनलाइन बुक किए गए सामान की पैकिंग खोलकर उसमें नकली सामान रख देते थे। तब ब्रांडेड पॉवर बैंक की जगह सस्ते पॉवर बैंक रखे जा रहे थे। ऐसे में ऑनलाइन शॉपिंग में एहतियात बरतने की जरूरत है।