ताजनगरी आगरा में दिवाली पर पटाखे की दुकान लगाने के लिए लाइसेंस की एनओसी जारी करने के एवज में बाह थाने के एक पुलिसकर्मी द्वारा लिए गए एक हजार रुपये और साहब के लिए पटाखे की मांग किए जाने की शिकायत दुकानदारों ने बुधवार को डीसीपी से की। डीसीपी ने दुकानदारों को अपना नंबर दिया और कहा कि यदि कोई रुपये या पटाखे की मांग करें तो इसकी सूचना इस नंबर पर आप जरूर दें। डीसीपी के इस व्यवहार से दुकानदारों का आत्मविश्वास बढ़ा।
दिवाली पर बाह स्थित जरार के मंडी मैदान में पटाखा बाजार लगेगा। बुधवार को पटाखा बाजार के लिए डीसीपी पूर्वी के कार्यालय से 40 लाइसेंस जारी किए गए। लाइसेंस जारी करने के लिए डीसीपी ने थानों से रिपोर्ट मंगाई थी। बुधवार को लाइसेंस लेने पहुंचे दुकानदारों ने डीसीपी से की शिकायत की।
आरोप लगाया कि बाह थाने के एक पुलिसकर्मी ने रिपोर्ट लगाने के एवज में उन सभी से एक-एक हजार रुपये लिए। यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी ने कहा कि दिवाली पर साहब के लिए पटाखे भी देने होंगे। शिकायत पर डीसीपी ने लाइसेंस धारकों को अपना फोन नंबर दिया।
डीसीपी पूर्वी जोन सौमेंद्र मीणा ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिसकर्मी की पहचान नहीं हुई है। जांच कराई जाएगी।