ताजनगरी में मंगलवार सुबह कोरोना संक्रमित 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। तीन दिन में यह लगातार तीसरी मौत है। तीन महिलाओं सहित कुल चार लोग मर चुके हैं। मंगलवार को ही चार और संक्रमित मिलने से संख्या 148 पर पहुंच गई।
दम तोड़ने वाला व्यक्ति शास्त्रीपुरम का रहने वाला था। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि वह सात अप्रैल से एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती था। हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। सांस की बीमारी से ही मृत्यु हुई है। कोरोना जांच के लिए उनका सैंपल भेजा गया था। मंगलवार को आई रिपोर्ट में यह पॉजिटिव आया।
उधर, यह तीन दिन में तीसरी मौत है। दो दिन में दो महिलाओं की मौत हुई थी। दोनों पारस हॉस्पिटल में भर्ती थी। इनसे पहले एसएन मेडिकल कॉलेज में ही 76 वर्षीय महिला की जान गई थी। वह भी सांस की बीमारी से जूझ रही थी। उनके परिवार में तीन और लोग संक्रमित पाए गए।