लाइव .........आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की कोविड-19 की जांच करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : Agra City
आगरा। ताजनगरी में शुक्रवार को 25 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। 30 नवंबर को पंजाब से आगरा आए युवक ने सिकंदरा क्षेत्र की एक जूता फैक्टरी में काम भी शुरू कर दिया था। उसके संपर्क में आए 37 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के मुताबिक, पंजाब से आए यमुनापार इलाके के युवक की 30 नवंबर को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जांच की गई थी, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसके संपर्क में आए फैक्टरी कर्मी सहित अन्य की जांच को सैंपल लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटे में कुल 2283 लोगों की जांच की गई। जिले में अब चार सक्रिय मरीज हैं। अब तक कुल 25,769 मरीज मिल चुके हैं। जिनमें 25,307 स्वस्थ हो चुके हैं। 458 की मौत हो चुकी है। इससे पहले बृहस्पतिवार को स्पेन से आए प्रवासी और पीएसी के जवान में कोरोना की पुष्टि हुई थी। 18 नवंबर को पोलैंड से लौटा युवक संक्रमित मिला था। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की जांच के लिए नए मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेजे गए हैं।
जीनोम सिक्वेसिंग की रिपोर्ट नहीं आई
ताजनगरी में पौलेंड के व्यक्ति की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उसकी जीनोम सिक्वेसिंग के लिए नमूने 20 नवंबर को केजीएमयू भेजे गए थे, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग अब स्पेन से आए प्रवासी, पीएसी जवान और जूता फैक्ट्री कर्मचारी की जीनोम सिक्वेसिंग की जांच करवाएगा, ताकि कोरोना के वैरिएंट का निर्धारण हो सके।