मैनपुरी। विकास खंड सुल्तानगंज के प्राथमिक विद्यालय नगला कलू निवासी प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध मिली शिकायत पर एक महीने पहले जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे। लेकिन एक महीने बाद भी शिक्षा विभाग संबंधित प्रधानाध्यापिका के अभिलेखों की जांच नहीं करा सका। जिलाधिकारी ने मामले में बीएसए से जानकारी मांगी तो बीएसए ने जांच अधिकारी को द्वितीय पत्र जारी कर तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है। मामला सुल्तानगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नगला कलू का है। यहां पर तैनात प्रधानाध्यापिका नीलम कुमारी पर शिक्षा मित्र रहते हुए संस्थागत रूप से डीपीएड का डिप्लोमा हासिल करने का आरोप लगा है। मामले में एक महीने पहले जिलाधिकारी ने शिकायत मिलने पर बीएसए को जांच कराने के आदेश दिए थे। बीएसए ने मामले में जांच के आदेश खंड शिक्षाधिकारी सुल्तानगंज को दिए दिए थे। जिलाधिकारी ने मामले में बीएसए से 24 अप्रैल तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। तो पता चला कि अभी तक जांच रिपोर्ट ही नहीं आ सकी है। इस पर डीएम ने नाराजगी प्रकट की।
जिलाधिकारी द्वारा मामले में हुई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट मांग जाने के बाद बीएसए ने खंड शिक्षााकिारी सुल्तानगंज को द्वितीय पत्र जारी करते हुए जांच करने के आदेश दिए। बीएसए ने अपने पत्र में कहा कि खंड शिक्षाधिकारी तीन दिन के अंदर मामले की जानकारी उपलब्ध कराएं। खंड शिक्षाधिकारी सुल्तानगंज को चेतावनी दी गई कि तीन दिन में जांच रिपोर्ट न मिलने पर किसी भी कार्रवाई के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।