मैनपुरी। जिले के अनलॉक होते ही एक बार फिर से कोरोना संक्रमितों की संख्या का इजाफा होने लगा है। जिले में पिछले 24 घंटे में 22 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। कोरोना संक्रमित एक महिला की मेडिकल कॉलेज सैफई में मौत हो गई। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9807 पहुंच गई है तो एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 184 हो गई है।
जनपद की एक 24 वर्षीय महिला विगत दिनों कोरोना संक्रमित हो गई थी। परिजनों ने महिला को सैफई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार को महिला की मौत हो गई। इधर, जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
पिछले 24 घंटे में किशनी में 14, मैनपुरी विकास खंड में सात और बेवर में एक कोरोना संक्रमित मिला। सभी को होम आइसोलेट किया गया है। अब जिले में कोरोना के ऐक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 184 हो गई है। सीएमओ ने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच के आदेश दिए हैं।
दो लोग कोरोनामुक्त, अस्पताल से दी छुट्टी
कोविड अस्पताल में भर्ती पांच कोरोना संक्रमितों में से दो और स्वस्थ हो गए। दोनों को अस्पताल से घर भेज दिया गया। अब कोविड अस्पताल में मात्र तीन संक्रमित भर्ती हैं। यहां तैनात डॉ. विवेक यादव ने बताया कि कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमितों की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।
------
चार सत्रों पर केवल महिलाओं को लगेगा टीका
मैनपुरी। शासन के निर्देश पर महिला स्पेशल सत्र स्थापित कर महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए जिले में चार सत्र चिन्हित किए गए हैं। शहर में सौ शैया अस्पताल में दो सत्र स्थापित किए गए हैं जबकि दो सत्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करहल पर चिन्हित किए गए हैं। इन सत्रों पर केवल महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। यहां महिला स्टाफ की ही तैनाती की गई है। यह जानकारी सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने दी। सीएमओ ने जिले की महिलाओं से टीकाकरण के लिए पहुंचने की अपील की है। 18 से 44 और 45 से अधिक उम्र की महिलाओं का कोरोना महामारी से रोकथाम के लिए टीकाकरण होगा।
-----
बिजली विभाग के लोगों को लगाया गया टीका
शनिवार को नगर के पावर हाउस स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का टीकाकरण कराया गया। 10 बजे से दो बजे तक चले टीकाकरण कार्य में 100 कर्मचारियों का टीकाकरण हुआ। यहां सोमवार और मंगलवार को भी टीकाकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर के अन्य 20 सत्रों पर भी शनिवार को टीकाकरण का कार्य जारी रहा।
-----
पिछले 24 घंटे में फिर से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती एक महिला संक्रमित की मौत हुई है।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ