मैनपुरी। भोगांव रोड पर बुधवार की दोपहर रोडवेज बस की एक बाइक सवार दो लोगों से टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दन्नाहार के गांव जसवंतपुर निवासी युवक की आगरा ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव जसवंतपुर निवासी सतेंद्र कुमार (35) बुधवार को गांव निवासी अजय कुमार के साथ बाइक से भोगांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जब वह भोगांव रोड पर ललूपुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से सतेंद्र को आगरा रेफर कर दिया गया, परिजन आगरा ले जा रहे थे। तभी रास्ते में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सतेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।