आगरा में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कुछ कमी आई है, लेकिन संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला नहीं थमा है। लगातार तीसरे दिन एक और संक्रमित मरीज ने दम तोड़ दिया। जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि मृतक मरीज फेफड़ों की टीबी से पीड़ित था।
उपचार के दौरान जांच में कोरोना की पुष्टि होने के बाद सांस लेने में तकलीफ और बढ़ गई थी। मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। अब तक 138 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। उधर, 42 नए मरीज भी मिले हैं। इससे कुल संक्रमितों की संख्या 6820 पर पहुंच गई है। इनमें 6,197 मरीज ठीक हो गए हैं। 485 मरीजों की उपचार चल रहा है।
जिले में अब तक 2,41,779 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। राहत की बात यह है कि कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर अक्तूबर में तेजी से बढ़ी है। स्वस्थ होने की 90.87 फीसद है। यह दर सितंबर में 80 से नीचे पहुंच गई थी। वहीं संक्रमित होने की दर 2.82 फीसद है।
42,360 लोगों के स्वास्थ्य की जांच
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की 130 टीमों ने बल्केश्वर, कमला नगर, दयालबाग, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, शाहगंज, सदर, फुलट्टी, ताजगंज, शहीद नगर, लोहामंडी, दहतौरा, खंदौली, खंदारी, बरौली अहीर और शमसाबाद में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
9,380 घरों के 42,360 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। बुखार-खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी समेत अन्य की जानकारी की। ऐसी परेशानी वाले लोगों की कोरोना वायरस की जांच भी कराई। इनको आइवरमेक्टिन, मल्टी विटामिन, विटामिन सी और एंटी मलेरिया की दवा दी गई।