कासगंज के अमांपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार हुई महिला रूपा का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। अमांपुर क्षेत्र के ग्राम वीरपुर बड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसके मायके पक्ष द्वारा दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर महिला की हत्या किए जाने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है।
रुपा (20) पत्नी दीपू निवासी वीरपुर बड़ा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना जानकारी उसके मायके अकौली थाना विल्सी जनपद बदायूं परिजनों को हुई तो उसका भाई ओमकार व अन्य परिजन वीरपुर पहुंच गए। ओमकार ने बताया कि उसकी बहन का शव मकान में था और उसके ससुरालीजन फरार थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के भाई ने बताया कि रूपा की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी।
तभी से दहेज में बाइक की मांग करते हुए ससुरालीजन उसका उत्पीड़न कर रहे थे। वह लगभग सात माह की गर्भवती भी थी। पिछले चार महीने से मायके ही रह रही थी। 8 मार्च को उसका पति दीपू बुलाकर उसकी ससुराल ले गया। उसके पति दीपू, ससुर पूरब एवं सास सावित्री ने उसकी दहेज के लिए हत्या कर दी है।
कोतवाली प्रभारी गंगा प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
कासगंज के अमांपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार हुई महिला रूपा के शोकाकुल परिजन व एक?- फोटो : KASGANJ