कासगंज। विधानसभा चुनाव की तिथि निर्धारित होने के बाद जिले में अब पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा है। एक कंपनी बीएसएफ जिले को मिल गई है, जो आज आएगी। कंपनी सूरज प्रसाद डागा सरस्वती इंटर कॉलेज में ठहरेगी। इसके लिए पुलिस ने सभी इंतजाम कर लिए हैं।
जिले में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान तीसरे चरण में 20 फरवरी को होना है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके और अराजकतत्व कहीं भी चुनाव में व्यवधान उत्पन्न न करें। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। व्यवस्था ऐसी बनाई जा रही है कि अराजकतत्व दूर-दूर तक दिखाई न दें। सबसे अहम बात है कि यहां स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सुरक्षा की कमान सीमा सुरक्षा बल के जवान संभालेंगे। सीमा सुरक्षाबल की 49 कंपनियां कासगंज जिले के लिए आवंटित हो गईं हैं। हालांकि अन्य कंपनियां बाद में जिले में पहुंचेंगी, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और मार्च के लिए एक कंपनी बीएसएफ सोमवार को जिले में पहुंच रही है। कंपनी के ठहरने और खान पान का इंतजाम स्थानीय पुलिस ने कर लिया है।
सीओ ने देखी व्यवस्था
सीओ सिटी दीपकुमार पंत ने सूरजप्रसाद डागा सरस्वती इंटर कॉलेज में इंतजाम देखे हैं। देखा है कि कहीं कोई अव्यवस्था तो नहीं है। अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं कि कंपनी के ठहरने के इंतजाम में कहीं कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
जारी है संवेदनशील इलाकों का चिह्नांकन
जिले में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का चिह्नांकन निरंतर जारी है। फिलहाल अब तक जितने संवेदनशील क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं उन सभी पर सोमवार को पहुंचने वाली बीएसएफ की कंपनी नजर बनाए रहेगी। स्थानीय पुलिस के साथ सीमा सुरक्षा बल के जवान अभी से ही शहर व कस्बों में पहुंचकर पैदल मार्च करेंगे।
- सीमा सुरक्षा बल की एक कंपनी मिल चुकी है। अभी और पैरामिलिट्री फोर्स मिलेगा। जो कंपनी मिली है वह सोमवार को जिले में पहुंच रही है- रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी।
रिपोर्ट एवं संपादन अजय झंवर