घिरोर/औंछा। भाई के साथ सैफई से लौट रही महिला से अपाचे सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचे के बल पर जेवर-नकदी लूट ली। लुटेरे फायरिंग करते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस बदमाशों में तलाश में जुट गई है।
जनपद एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव किलरमऊ निवासी राजकुमार किसी काम से सैफई गए थे। बृहस्पतिवार की दोपहर वह पत्नी महेश्वरी व बहन अमरवती निवासी गांव चीतई औंछा के साथ बाइक से घर आ रहे थे। बाइक जब थाना घिरोर क्षेत्र में नगला अखई पुल के पास पहुंची तभी पीछे से आए अपाचे सवार बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। बदमाशों के हाथ में तमंचे देख राजकुमार ने जैसे ही बाइक को रोका तो एक बदमाश ने अमरवती के सीने पर तमंचा रखकर कान के कुंडल, सोने की चेन लूट ली। पीड़िता ने शोर मचाया तो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कॉंबिंग की लेकिन कोई पता नहीं लग सका। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
महिला अस्पताल में भर्ती
बदमाशों द्वारा अमरवती से लूट के दौरान कान के कुंडल खींच लिए, जिससे वह घायल हो गईं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।