मैनपुरी। मंगलवार की शाम कुरावली क्षेत्र के गांव नानामऊ में मिले वृद्ध के शव की पहचान के बाद परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। आरोप लगाया कि साथ गया परिचित घटना वाले दिन से ही गायब है। उसी ने हत्या की है, बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मामले में जांच शुरू कर दी है।
थाना कुरावली क्षेत्र में नानामऊ मार्ग पर मंगलवार की देर शाम 70 वर्षीय वृद्ध का शव पड़ा मिला था। बुधवार देरशाम उसकी पहचान भारत सिंह यादव निवासी गांव अस्यौली, सदर कोतवाली के रूप में हुई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के पुत्र सुनील यादव ने बताया कि मंगलवार को पिता भोगांव के रुई मेला में भैंस बेचने व नई भैंस खरीदने गए थे। उनके साथ गांव का ही एक परिचित व्यक्ति भी गया था। शाम को वह व्यक्ति गांव आ गया, उसने बताया कि अभी भैंस नहीं बिक सकी है। अगले दिन उन्हें शव जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में होने की जानकारी मिली। सुनील ने आरोप लगाया कि मंगलवार की शाम से ही आरोपी अपने घर नहीं लौटा है। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।