कासगंज। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नदरई के निकट रविवार की देर शाम सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने एक वृद्ध को टक्कर मार दी। इसके चलते वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव बरेला निवासी रामस्वरूप (55) पुत्र बिहारी रविवार की देर शाम को किसी काम से नदरई के पास गए थे। यहां सरकारी अस्पताल के निकट धर्म कांटा पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजन को दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।