रामनगर/कुसमरा। किशनी थाना क्षेत्र के गांव कैथोली में मंगलवार की सुबह खेत पर गए एक किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। सीने में सींग लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव कैथोली निवासी 60 वर्षीय किसान सुखवीर सिंह मंगलवार की सुबह खेत पर फसल को देखने के लिए गए थे। परिजन के अनुसार वह खेत पर पहुंचने ही वाले थे कि तभी रास्ते में उन पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ ने वृद्ध के सीने में सींग मार दिया, जिसके चलते सुखवीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हमला होता देख आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े। ग्रामीणों द्वारा बमुश्किल सांड़ को वहां से भगाया। जानकारी होने पर परिजन भी आ गए। किसान को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
वृद्ध के मरने की सूचना ग्रामीणों ने दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-जयप्रकाश, एसडीएम
इस वर्ष दो किसानों की हो चुकी है मौत
किसान की मेहनत से बोई गई फसल को नष्ट करने वाले बेसहारा गोवंश के हमले में इस वर्ष दो किसानों की मौत हो चुकी है। वहीं अलग-अलग स्थानों पर चार किसान घायल हुए हैं। सात फरवरी को कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव तखरऊ निवासी 50 वर्षीय भगवान दास की सांड़ के हमले में मौत हो गई थी। वहीं छह मार्च को घिरोर क्षेत्र में नगला फत्ते निवासी गोरक्षक को किसान ने उठाकर फेंक दिया था। हमले में गोरक्षक की भी मौत हो गई थी।
खुले में घूम रहे हैं गोवंश
जिले में बेसहारा गोवंश घूम रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ये गोवंश फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं सड़क पर विचरण कर हादसे का कारण बन रहे हैं। बेसहारा गोवंशों की समस्या से जनता को निजात दिलाने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने बैठक की थी। इसमें उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और पशु चिकित्साधिकारी (वीओ) को 25 मार्च तक बेसहारा गोवंश गोशाला पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अगर बेसहारा गोवंश घूमते मिले तो कार्रवाई की बात कही गई है।
गोशाला के लिए आए 40 टीनशेड चोरी
इलाहबांस। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाहबांस में गोशाला की छत बनाने के लिए लाए गए 40 टीनशेड चोरी हो गए। प्रधान की ओर से थाने में तहरीर दी गई। ग्राम प्रधान कांती देवी ने बताया कि गांव में गोशाला का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। छत बनाने के लिए टीनशेड मंगाए गए थे। सोमवार की रात चोर 40 तख्ता चोरी कर ले गए। तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद