उत्तर प्रदेश का आगरा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खौफनाक हादसा हुआ। ट्रांस यमुना कॉलोनी के सामने दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक कार ने बुजुर्ग को रौंद दिया। बुजुर्ग मार्ग पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग हवा में उछलकर 10 फीट दूर गिरे और फिर घिसटते चले गए। ये दृश्य देख लोगों के पैर कांप गए। कार रुक गई, तभी लोग तेजी से बुजुर्ग की ओर दौड़े। बुजुर्ग को गंभीर घायलवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रांस यमुना कालोनी के सामने मध्यप्रदेश के रहने वाले ख्याली राम सड़क पार कर रहे थे। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने के चलते वो काफी देर तक डिवाइडर पर खडे़ रहे। तभी उन्होंने देखा कि सड़क पर वाहन दूर हैं, इस बीच समय रहते उन्होंने मार्ग पार करने का प्रयास किया, वे सड़क किनारे पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार ईको कार आई। कार ने सड़क पार कर रहे ख्याली राम को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ख्याली राम हवा में उड़ गए।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने बुजुर्ग की मदद करते हुए उन्हें हाईवे से हटाया। बुजुर्ग कार की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। घायल बुजुर्ग को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुजुर्ग कालिंदी विहार निवासी अपने बेटे के घर पर आए थे। दोपहर में वो सड़क पार कर कहीं जा रहे थे। तभी ये हादसा हो गया।