दरवाजों पर थूकने के आरोपी युवक को पकड़कर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गानगर में दो युवकों द्वारा दरवाजों पर थूकने, लघुशंका करने की सूचना से हड़कंप मच गया। दो थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। क्षेत्रीय नागरिकों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। आरोप है उनमें से एक युवक ने दुर्गानगर निवासी वृद्ध से लूटपाट करने के साथ मारपीट की थी।
रविवार सुबह दुर्गानगर गली नं. नौ निवासी सुरेशचंद्र अग्रवाल प्रतिदिन की भांति मंदिर जाने के साथ ही आवारा जानवरों को बिस्कुट खिलाते हैं। रविवार को वह इसी काम को निकले थे। इसी दौरान एक युवक आया और कुछ सामान गली में फेंकने लगा। वृद्ध ने इस हरकत का विरोध किया तो उक्त युवक ने मारपीट के साथ लूटपाट का प्रयास किया।
मारपीट किए जाने के कारण वृद्ध ने शोरगुल मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर ही काफी लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने मौके से एक युवक को दबोचा जबकि चौबेजी का बाग से दूसरे युवक को पकड़ा। भीड़ ने दोनों की पिटाई करने के साथ थाना पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर उत्तर थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा व रसूलपुर थाना के फतेह बहादुर सिंह भदौरिया पुलिस बल के ही साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों को पुलिस को सौंपा गया। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप था कि उक्त युवक मोहल्ले में थूकने के साथ खिड़की दरवाजों पर थूक लगा रहे थे और भी युवक थे लेकिन भाग
गए।
पुलिस दोनों युवकों को जिला अस्पताल ले गई। नागरिकों ने खुद ही अपने दरवाजों एवं खिड़की को धोने के साथ सभी ने घरों में रखे सैनिटाइजर से सैनिटाइज किया। मौके पर निगम की टीम भी सैनिटाइज करने पहुंची।
थानाध्यक्ष रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा कि क्षेत्रीय नागरिक भ्रमवश इस तरह के आरोप लगा रहे थे। जिस युवक ने वृद्ध के साथ मारपीट की है आशंका है कि वह नशे का आदी था।
नगर निगम की टीम ने पूरे क्षेत्र को किया सैनिटाइज
पार्षद हरिओम वर्मा ने बताया कि शहर के दुर्गानगर, चौबेजी का बाग, हनुमान गंज क्षेत्र में घरों के दरवाजों पर थूकने की अफवाह फैलने के ही बाद नगर निगम की टीम ने मोहल्लों में जाकर पूरे इलाके को सैनिटाइज किया। नगर आयुक्त विजय कुमार के निर्देश पर क्षेत्र में टीम पहुंची। टैंकर के माध्यम से मुख्य रास्ते पर तो गलियों में छोटे वाहनों के माध्यम से सैनिटाइज करने का काम किया।