कासगंज। तीर्थनगरी के कांवड़ मेले में शनिवार की शाम काफी भीड़ लहरा गंगाघाट पर एकत्रित हो गई। भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने लहरा गंगाघाट का निरीक्षण किया। एसडीएम संजीव कुमार ने घाट पर व्यवस्थाएं परखीं और गोताखोरों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। एसडीएम ने मेला ग्राउंड में लगाए शिविरों की स्थिति भी देखी और नाव से गंगा में निरीक्षण किया। गंगा पर गहरे पानी में संकेतक व बैरिकेड देखे। कांवड़ियों के मार्ग में कोई व्यवधान न हो इस नजरिये से मार्ग की व्यवस्थाएं भी देखीं। एसडीएम संजीव कुमार सिंह ने बताया कि सभी टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। लहरा में शाम के समय से काफी भीड़ बढ़ी है। कांवड़ भरने केलिए अच्छी संख्या में कांवड़िये पहुंच रहे हैं। कांवड़ मेले को देखते हुए आज रविवार को शहर के बाजार बंद रहेंगे। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने पिछले सप्ताह से रविवार को बाजार बंद रखने के निर्देश दिए। इसी क्रम में श्रावण मास के रविवार को बाजार बंद रहेंगे। जिससे कांवड़ियों को निकलने में दिक्कतें नहीं हो।