आगरा। शहर में जलभराव की समस्या से नाराज नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी संजीव वर्मा और जेडएसओ मुख्यालय जितेंद्र कुमार को कड़ी फटकार लगाई है। पिछले चार दिनों में तीन बार हुई बारिश के बाद शहर की दुर्दशा देखकर यह नाराजगी जताई गई। दोनों अधिकारियों को 15 जून तक नाला सफाई की प्रभावी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने बुधवार को नाला सफाई पर हुई बैठक में अधिकारियों से कार्ययोजना मांगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जेडएसओ यह योजना प्रस्तुत नहीं कर पाए। अप्रैल से शुरू किए गए नाला सफाई अभियान में कितने नाले साफ हुए, इसका ब्योरा भी उनके पास नहीं था। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। यह दूसरी बार है जब इन अधिकारियों को फटकार लगाई गई है। इससे पहले 22 दिन पूर्व नगर निगम सदन में भी उन्हें लापरवाही के लिए फटकारा गया था।
शहर में लगातार हो रहे जलभराव से यह मुद्दा गंभीर हो गया है। नगर आयुक्त ने बारिश में जलभराव रोकने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों के त्वरित गठन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि रात में बारिश होती है तो संबंधित कर्मचारी अल सुबह से ही मौके पर पहुंचें। इन टीमों को जलनिकासी और सफाई कार्य तुरंत शुरू करने के लिए कहा गया है। टीम सुनिश्चित करेगी कि शहरवासियों को जलभराव से जल्द राहत मिल सके।
जाल से कचरा हटाने के लिए लगाएं कर्मचारी
नगर आयुक्त ने कहा कि जिन नालों और नालियों पर जाल या अन्य अवरोधक लगे हैं, वहां पहले से कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि कूड़ा-करकट जमा होने से पानी की निकासी बाधित न हो। अधिकारी मॉनिटरिंग करें और स्थायी जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर मड पंप उपलब्ध कराएं। हर हाल में नाला सफाई का काम 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी, एसएफआई मौजूद रहे।