आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त (रिटर्निंग ऑफिसर), चुनाव प्रेक्षकों आईएएस अभिषेक प्रकाश व आईएएस हीरालाल ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देशों का सख्ती से पालन करने और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
समीक्षा बैठक में 12 जनपदों के शीर्ष अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। प्रेक्षकों और रिटर्निंग ऑफिसर ने स्पष्ट किया कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां पेयजल, बिजली, शौचालय एवं फर्नीचर जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। इसके साथ ही निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण, वीडियोग्राफी टीमों के गठन और मतपेटियों की पर्याप्त व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।
जिला स्तर पर गठित मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) को गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, माइक्रो ऑब्जर्वर, जोनल और सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने के आदेश दिए। बैठक में प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिसके अनुसार आगरा खंड स्नातक क्षेत्र के लिए कुल 173 मतदान केंद्रों पर 262 मतदेय स्थल और शिक्षक क्षेत्र के लिए 143 मतदान केंद्रों पर 150 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
पूरी चुनावी प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए 67 जोनल एवं 193 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। बैठक में डीएम मनीष बंसल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान के अलावा फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया एवं कन्नौज के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
आज नाम वापसी का अंतिम दिन
नामांकन पत्र शुक्रवार की दोपहर 3 बजे तक वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनावी ताल ठोकने वालों को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। 23 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को टूंडला रोड स्थित नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में होगी।