अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ताजमहल का दीदार करने 27 जनवरी को आगरा आ सकते हैं। सूत्रों की मानें तो कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। 23 जनवरी को वाशिंगटन से विशेष टीम सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेने आएगी। इस टीम की रिपोर्ट के बाद ही उनके दौरे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय और अमेरिकी दूतावास की टीम भी 19 जनवरी से सक्रिय हो जाएंगी। वे खेरिया एयरपोर्ट, वीवीआईपी रूट, ताजमहल और इसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को परखेंगी। खामियां पर उन्हें दुरुस्त कराते हुए इसकी रिपोर्ट देंगे। इसके बाद ओबामा की विशेष सुरक्षा टीम 23 जनवरी को आगरा आएगी। सड़क मार्ग, ताजमहल, सुरक्षा प्वाइंट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच करेगी। इस टीम के ओके कहने पर ही ओबामा के ताज दर्शन पर अंतिम मुहर लग सकेगी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अमेरिका की एडवांस टीम यहां दौरा कर चुकी है।
हो चुकी है गोपनीय बैठक
सूत्रों का कहना है कि बराक ओबामा के कार्यक्रम के चलते दिल्ली और अमेरिकी दूतावास से जुड़े कुछ अधिकारी आगरा पहुंच चुके हैं। रविवार शाम को एक पंच सितारा होटल में स्थानीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी बैठक हुई। इसमें किन मुद्दों पर बात हुई इसे गोपनीय रखा गया है। अधिकारियों का इतना ही कह रहे हैं कि अभी तक अमेरिकी राष्ट्रपति का कार्यक्रम तय नहीं है, लेकिन अचानक कार्यक्रम बना तो उस स्थिति के लिए अभी से सतर्कता बरती जा रही है।
एसएन मेडिकल कालेज में भी हलचल
ओबामा के संभावित दौरे को लेकर एसएन मेडिकल कालेज में भी हलचल शुरू हो गई है। ट्रामा सेंटर में व्यवस्था चाक-चौबंद कर क्रिटिकल केयर एंबुलेंस भी मुस्तैद की जा रही है। सेफ रूम भी बनाया जाएगा। संभव है 23 को ओबामा की टीम एसएन में भी निरीक्षण करने पहुंचे। चिकित्सकीय टीम का भी गठन हुआ है।