कासगंज। पुराने पेराई सत्र में गन्ने का पूर्ण भुगतान चीनी मिल अब तक नहीं कर सकी है। साढ़े बारह करोड़ रुपये किसानों का अभी भी चीनी मिल पर बकाया है। गन्ना विभाग ने चीनी मिल को बकाया भुगतान के लिए नोटिस जारी कर दिया है। ऐसे में चीनी मिल ने एक माह में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया है।
विगत वर्ष पेराई सत्र के दौरान न्यौली चीनी मिल ने 16 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा था। चीनी मिल ने गन्ना किसानों का त्वरित भुगतान नहीं किया और चीनी की बिक्री के साथ ही चीनी मिल धीमे-धीमे गन्ना किसानों के खातों में धनराशि भेजती गई। हालांकि अभी तक गन्ना किसानों का पूर्ण भुगतान नहीं हुआ है। साढ़े बारह करोड़ रुपये अभी भी गन्ना किसानों का चीनी मिल पर बकाया है। बकाया भुगतान के लिए किसान बार-बार मिल के चक्कर लगा रहे हैं।
किसानों की समस्याओं को देखते हुए गन्ना विभाग गंभीर है। डीएम सीपी सिंह के निर्देश पर जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने न्यौली चीनी मिल को बकाया भुगतान के लिए नोटिस जारी कर दिया है। चीनी मिल ने गन्ना विभाग को नोटिस के जवाब में लिखा है कि एक माह में गन्ना किसानों का पूर्ण भुगतान कर दिया जाएगा। पुराने स्टॉक की चीनी बिक्री के अलावा नए पेराई सत्र की चीनी बिक्री कर बकाय का भुगतान किया जाएगा।
जारी किया है नोटिस
- चीनी मिल को नोटिस जारी कर दिया है। गन्ना किसानों के बकाया का पूर्ण भुगतान करें। यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो फिर से चेतावनी देते हुए नोटिस जारी कर दिया जाएगा।
- ओमप्रकाश यादव, जिला गन्ना अधिकारी।
अगले माह तक करेंगे भुगतान
- विगत वर्ष 22 फरवरी तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान किया जा चुका है। फरवरी के बाद खरीदे गए गन्ने का लगभग साढ़े बारह करोड़ रुपये बकाया है। अगले माह तक भुगतान कर दिया जाएगा।
- एसपी सिंह, महाप्रबंधक, चीनी मिल।